श्रीगंगानगर: करंट लगने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत, पानी गर्म करते समय हुआ हादसा

POST 1380 (1)

श्रीगंगानगर। जिले के अनूपगढ़ कस्बे में एक हृदयविदारक हादसे में मां-बेटी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना वार्ड नंबर 34 की बताई जा रही है, जहां घर में पानी गर्म करने के दौरान यह दर्दनाक घटना हुई।

जानकारी के अनुसार, सरोज (36) घर में रॉड की मदद से पानी गर्म कर रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते उनकी 3 वर्षीय बेटी दिव्यांशी ने गर्म पानी में हाथ डाल दिया। पानी में करंट होने के कारण बच्ची उसकी चपेट में आ गई।

बेटी को बचाने के लिए पहुंची मां सरोज भी करंट की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों द्वारा तुरंत दोनों को अनूपगढ़ के जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ईश्वर जांगिड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed