तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 4 घायल, 3 की हालत गंभीर

post 502 (1)

तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 4 घायल, 3 की हालत गंभीर

Accident: नागौर जिले के खरनाल बस स्टैंड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गैस सिलेंडरों से लदी एक पिकअप वाहन अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप गोगेलाव से खरनाल की ओर तेज रफ्तार में आ रही थी। बस स्टैंड के पास अचानक सड़क पर गाय आ जाने से चालक ने वाहन मोड़ने की कोशिश की, लेकिन अधिक गति के कारण संतुलन बिगड़ गया। पिकअप पलटते हुए वहां बस का इंतजार कर रहे राहगीरों से टकरा गई।

हादसे के दौरान वहां मौजूद एक सेवानिवृत्त सैनिक और उनकी पत्नी भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। सूचना पर नागौर सदर थानाधिकारी सुरेश कुमार कंस्वा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसआई शिवराम मीणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को संभालते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। घायलों में पिकअप चालक नरसीराम (25), विक्की (25), रिटायर्ड फौजी रघुनाथराम (55) और उनकी पत्नी परमा देवी (52) शामिल हैं। इनमें विक्की की हालत सबसे ज्यादा नाजुक बनी हुई है, जो रास्ते में लिफ्ट लेकर पिकअप में सवार हुआ था।

You may have missed