तेज रफ्तार कार कुएं में गिरी, व्यापारी की मौत, कार का कांच तोड़कर शव बाहर निकाला

6

तेज रफ्तार कार कुएं में गिरी, व्यापारी की मौत, कार का कांच तोड़कर शव बाहर निकाला
उदयपुर जिले में तेज रफ्तार कार सेफ्टी दीवार तोड़ते हुए कुएं में गिर गई। यह देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुआं 50 फीट से ज्यादा गहरा है, लेकिन कार 10 से 12 फीट पर ही फंस गई थी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार का कांच तोड़कर युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला। कार को जेसीबी से बाहर निकाला गया। हादसा रविवार शाम 4:30 बजे सायरा थाना इलाके के सादड़ी-सायरा के बीच रणकपुर घाटे स्थित अमराई वैली के पास विकट मोड़ पर हुआ।

पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान फालना हाल बाली निवासी व्यापारी अनिकेत (29) पुत्र सुरेश जैन के रूप में की। पुलिस ने शव को सायरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।