बीकानेर: यहां काटी इतनी खेजड़ी, तीन में एक हजार बीघा सरकारी भूमि पर की कटाई

7

बीकानेर: यहां काटी इतनी खेजड़ी, तीन में एक हजार बीघा सरकारी भूमि पर की कटाई

बीकानेर। छत्तरगढ़ तहसील के राजासर भाटियान और अंबारण गांव में सोलर प्लांट लगाने के लिए गणतंत्र दिवस की रात तीन हजार बीघा जमीन पर खेजड़ी के करीब 833 पेड़ काट दिए गए। तहसील प्रशासन को घटना की सूचना बुधवार को मिली तो हड़कंप मच गया। रविवार, सोमवार गणतंत्र दिवस और मंगलवार की रात को अलग-अलग फेज में खेजड़ी पर आरी मशीनें चलाई गई हैं। तहसील प्रशासन को बुधवार सुबह पता चला। कार्यवाहक तहसीलदार प्रशिक्षु आईएएस स्वाति शर्मा, नायब तहसीलदार दोलाराम बाजिया, गिरदावर विष्णुदत्त बिश्नोई और पटवारी गोपाल सिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। खेजड़ी के कटे हुए पेड़ दूर-दूर तक छितराए पड़े थे। तहसील के दल ने पूरे इलाके का सर्वे कर उनकी गिनती की। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में खेत मालिक भी पहुंच गए।

पटवारी ने बताया कि कंपनी ने 300 मेगावाट का सोलर प्लांट लगाने के लिए करीब 3200 बीघा जमीन ली है, जिसमें से एक हजार बीघा सरकारी भूमि का आवंटन कराया गया है। बाकी जमीन किसानों से लीज पर ली गई है। कुछ बीघा में लीज डीड की प्रक्रिया अभी चल रही है। यह जमीन दो पटवार हलकों में बंटी हुई है। राजासर भाटियान में करीब 550 बीघा ही है। बाकी जमीन अंबारण पटवार हलके में है। उधर, जीव रक्षा संस्था के अध्यक्ष मोखराम धारणीया ने आरोप लगाया कि पटवारी ने मौके पर पहुंचने के बाद भी पूरी गिनती नहीं की और केला चले गए। मोखराम ने इसकी शिकायत एसडीएम से की है।

You may have missed