चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, 4 लाख के पार पहुंची कीमत, पढ़े खबर
चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, 4 लाख के पार पहुंची कीमत, पढ़े खबर
Rajasthan News: कीमती धातुओं के बाजार में साल 2026 की शुरुआत ऐतिहासिक साबित हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी ने पहली बार 100 डॉलर प्रति औंस का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके असर से भारतीय सर्राफा बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर चांदी 4,07,456 रुपये प्रति किलो पर खुली, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है। सिर्फ इस सप्ताह में ही करीब 50 हजार रुपये की तेजी दर्ज की गई है।
लगातार बढ़ते दामों से निवेशक जहां उत्साहित हैं, वहीं खरीदार और ज्वेलर चिंता में नजर आ रहे हैं। जयपुर समेत देशभर के सर्राफा बाजारों में तेजी का माहौल बना हुआ है।
दिल्ली से जयपुर तक सर्राफा बाजार में हलचल:-
दिल्ली से लेकर जयपुर तक चांदी के दामों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। बीते मंगलवार को कीमतों में 40,500 रुपये की रिकॉर्ड तेजी आई, जबकि अगले ही दिन बुधवार को भाव 15,000 रुपये और बढ़ गए। देखते ही देखते चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर गई।
तेजी के पीछे चार बड़े कारण:-
विशेषज्ञों के मुताबिक, चांदी में इस ऐतिहासिक उछाल के पीछे चार प्रमुख वजहें हैं। पहला, चीन द्वारा चांदी के निर्यात पर सख्त प्रतिबंध और खनन में कटौती। दूसरा, सौर ऊर्जा पैनल और इलेक्ट्रिक वाहनों में चांदी की बढ़ती मांग। तीसरा, वैश्विक स्तर पर केंद्रीय बैंकों द्वारा चांदी और सोने का भारी भंडारण। चौथा और सबसे अहम कारण डिजिटल निवेश है, जहां लोग मोबाइल के जरिए आसानी से चांदी खरीद रहे हैं।
क्या 6 लाख रुपये तक पहुंचेगी चांदी?:-
बाजार के जानकारों और वैश्विक वित्तीय विशेषज्ञों का मानना है कि यह तेजी अभी थमने वाली नहीं है। एलबीएमए (लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन) के ताजा सर्वे और ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी जैसे विशेषज्ञों का अनुमान है कि साल के अंत तक चांदी 5 से 6 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है।
जयपुर सर्राफ समिति बड़ी चौपड़ के मंत्री अश्विनी तिवारी ने बताया कि दशकों में पहली बार चांदी इतनी तेजी से 50 डॉलर से 100 डॉलर प्रति औंस तक पहुंची है। यह उछाल असाधारण है। वहीं, 45 वर्षों से ज्वेलरी कारोबार से जुड़े भीम जैन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तेजी का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ा है। निवेशक खुश हैं, लेकिन शादी-ब्याह की खरीदारी ठप है, ज्वेलरी कारखानों पर ताले लटक रहे हैं।
छोटे निवेशकों की चांदी:-
जहां आभूषण खरीदार और कारीगर परेशान हैं, वहीं छोटे निवेशक इस तेजी से बेहद खुश हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोग 10 रुपये से भी चांदी में निवेश कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, डिजिटल निवेशकों को अब तक करीब 240 प्रतिशत तक का मुनाफा मिल चुका है। शुद्धता की गारंटी और आसान बिक्री सुविधा ने आम आदमी को भी बड़े मुनाफे की उम्मीद दे दी है।