बीकानेर केंद्रीय कारागार में फिर सुरक्षा में सेंध, जेल परिसर से मिली प्रतिबंधित सामग्री

बीकानेर। केंद्रीय कारागार में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की एक और कोशिश सामने आई है। बता दें कि शुक्रवार सुबह जेल परिसर से गणेश ब्रांड जर्दे के 156 पाउच मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जेल की बाहरी दीवार के ऊपर से इन पैकेटों को अंदर फेंका।
जानकारी के अनुसार, नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जेल कर्मियों को परिसर के एक हिस्से में टेप से लिपटे संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। पैकेट खोलने पर उनमें 156 जर्दे के पाउच बरामद हुए। इसके बाद जेल प्रशासन ने प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर मामले की सूचना पुलिस को दी।
घटना के बाद जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शुरुआती जांच में तड़के करीब चार बजे के बाद कुछ पैकेट जेल परिसर में गिरते हुए दिखाई दिए हैं। आशंका है कि इन्हें जेल की बाहरी दीवार के पास बने सुरक्षा टावर की ओर से अंदर फेंका गया।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान से पैकेट फेंके जाने की संभावना जताई जा रही है, वहां सुरक्षा कर्मियों की नियमित तैनाती रहती है। ऐसे में इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जेल प्रशासन ने मामले की रिपोर्ट पुलिस को सौंपते हुए आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि प्रतिबंधित सामग्री जेल तक पहुंचाने के पीछे कौन लोग शामिल हैं और कहीं इसमें किसी कर्मचारी की लापरवाही या मिलीभगत तो नहीं है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी केंद्रीय कारागार में मोबाइल फोन, तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित सामान पहुंचाने के कई प्रयास सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।