Sadhvi Prem Baisa: क्या साध्वी प्रेम बाईसा को दाल के जरिए दिया गया जहर ? पीते ही बिगड़ी हालत, जांच में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे

POST 397 (1)

Sadhvi Prem Baisa: क्या साध्वी प्रेम बाईसा को दाल के जरिए दिया गया जहर ? पीते ही बिगड़ी हालत, जांच में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे

जोधपुर। पाल के आरती नगर स्थित आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब इंजेक्शन के बाद खाई गई दाल को लेकर संदेह और गहरा गया है। 28 जनवरी को जुकाम और गले में तकलीफ होने पर एक कम्पाउंडर ने साध्वी को दो इंजेक्शन लगाए थे। इसके कुछ समय बाद साध्वी ने अपने कर्मचारी सुरेश से भोजन के लिए दाल बनवाई थी।

अचानक बिगड़ी तबीयत:-

आमतौर पर सुरेश ही साध्वी के कमरे में भोजन पहुंचाता था, लेकिन 28 जनवरी को उनके पिता बिरमनाथ स्वयं दाल लेकर कमरे में गए थे। कुछ देर बाद ही साध्वी को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। वह घबराकर बार-बार कहने लगी थीं कि उन्हें सांस नहीं आ रही है। यह जानकारी सुरेश से पूछताछ के दौरान सामने आई है।

इसी बीच पुलिस की एसआईटी की मौजूदगी में एफएसएल टीम ने आश्रम के कमरे की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। खाना बनाने में इस्तेमाल की गई सामग्री के नमूने भी जब्त किए गए हैं।

दाल में जहर या इंजेक्शन का रिएक्शन ?

पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और किसी भी अहम साक्ष्य को नजरअंदाज न किया जाए, इसके लिए दोबारा मौका मुआयना किया गया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि विसरा को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है।

जांच फिलहाल दो बिंदुओं पर केंद्रित है—एक, लगाए गए इंजेक्शन का कोई गंभीर रिएक्शन हुआ या नहीं, और दूसरा, क्या दाल में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट थी। इसी आशंका के चलते एफएसएल टीम ने खाद्य सामग्री के सैंपल भी एकत्र किए हैं।

मुंह से झाग आने की भी चर्चा:-

दाल पीने के बाद साध्वी की हालत तेजी से बिगड़ गई थी। सांस लेने में परेशानी के दौरान वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी थीं। सूत्रों के अनुसार, उनके मुंह से झाग भी निकले थे, जिन्हें बाद में साफ कर दिया गया। हालांकि मौत के असली कारण का खुलासा अब एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, जिसकी रिपोर्ट दो-तीन दिनों में मिलने की संभावना है।

एसआईटी ने पिता से की पूछताछ:-

महात्मा गांधी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद साध्वी का शव बालोतरा जिले के परेऊ क्षेत्र स्थित जास्ती गांव ले जाया गया, जहां सोमवार को उन्हें समाधि दी गई। मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने साध्वी के पिता बिरमनाथ को पूछताछ के लिए जोधपुर बुलाया। बोरानाडा स्थित एसीपी कार्यालय में उनसे पूछताछ की गई। इससे पहले भी उनसे पूछताछ हो चुकी है।