Gold-Silver Update: बजट के दिन बुलियन मार्केट में भूचाल, MCX पर चांदी 9% टूटी, सोना भी धड़ाम, जानें लेटेस्ट भाव

POST 398 (1)

Gold-Silver Update: बजट के दिन बुलियन मार्केट में भूचाल, MCX पर चांदी 9% टूटी, सोना भी धड़ाम, जानें लेटेस्ट भाव

Gold-Silver Rates Update: केंद्रीय बजट के दिन रविवार को कमोडिटी बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बजट के कारण एमसीएक्स सामान्य दिनों के विपरीत खुला रहा, जहां सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एक ही दिन में चांदी करीब 9 प्रतिशत तक लुढ़क गई, जबकि सोने में 4.45 प्रतिशत की तेज गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों में हलचल बढ़ गई।

गिरावट के बावजूद बना खरीदारों का भरोसा:-

लगातार दूसरे दिन कीमतों में आई भारी गिरावट के बावजूद भीलवाड़ा समेत कई शहरों में निवेशकों और खरीदारों की दिलचस्पी बनी हुई है। स्थानीय सर्राफा कारोबारियों के अनुसार लोग इस गिरावट को घाटे के बजाय निवेश का अच्छा अवसर मान रहे हैं।

एमसीएक्स और स्थानीय बाजार में दिखा अंतर:-

एमसीएक्स पर रविवार को चांदी करीब 26,273 रुपए प्रति किलो टूटकर 2,65,652 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई। वहीं सोना 6,653 रुपए प्रति 10 ग्राम गिरकर करीब 1,43,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया।

दूसरी ओर, रविवार को भीलवाड़ा का सर्राफा बाजार बंद रहने के कारण ऑफ-मार्केट में सोना लगभग 1,58,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2.73 लाख रुपए प्रति किलो के भाव पर बोली गई। वास्तविक खुदरा कीमतें सोमवार को बाजार खुलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

जयपुर में ताजा भाव:-

जयपुर सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें फिलहाल 3,49,900 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास दर्ज की गई हैं। वहीं सोने में भी हल्की नरमी देखने को मिली है। ताजा भाव के अनुसार 24 कैरेट सोना करीब 16,072 रुपए प्रति ग्राम के स्तर पर कारोबार करता नजर आया, जो पिछले सत्र की तुलना में कम है।

बेस मेटल्स पर भी दबाव:-

कीमती धातुओं के साथ-साथ बेस मेटल्स में भी कमजोरी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर कॉपर के 27 फरवरी 2026 वायदा अनुबंध का भाव गिरकर 1,237 रुपए प्रति किलो रह गया, जो पिछले बंद स्तर से करीब 4.31 प्रतिशत नीचे है। इसे वैश्विक औद्योगिक मांग में सुस्ती का संकेत माना जा रहा है।

You may have missed