RTE Lottery: निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश की लॉटरी जारी, ऐसे चेक करें वरीयता सूची; जानें आगे की प्रक्रिया

post 1017 (1)

RTE Lottery: निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश की लॉटरी जारी, ऐसे चेक करें वरीयता सूची; जानें आगे की प्रक्रिया

RTE Admission Rajasthan: जयपुर। शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए निजी विद्यालयों में नि:शुल्क प्रवेश हेतु ऑनलाइन लॉटरी गुरुवार को जारी कर दी गई। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़कर राज्यभर के विद्यार्थियों के लिए लॉटरी प्रक्रिया की शुरुआत की।

इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि आरटीई के माध्यम से राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के जरिए जरूरतमंद बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ने का अवसर मिल रहा है, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर स्कूलों में प्रवेश मिल सके। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए आगे आएं।

कार्यक्रम में राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त अनुपमा जोरवाल तथा प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट भी ऑनलाइन जुड़े। शिक्षा संकुल जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (प्रथम) सीमा शर्मा, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (द्वितीय) अशोक कुमार मीणा सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

इस वर्ष आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए कुल 6,25,146 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 3,29,165 बालक, 2,95,970 बालिकाएं और 11 ट्रांसजेंडर विद्यार्थी शामिल हैं। अभिभावकों को अधिकतम पांच विद्यालयों का चयन करने का विकल्प दिया गया था, जिसके चलते कुल 19,92,357 ऑनलाइन विकल्प आवेदन प्राप्त हुए।

विभाग के अनुसार ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से विद्यार्थियों की वरीयता सूची तैयार की गई है, जिसके आधार पर आगे स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। इस वर्ष पूर्व प्राथमिक कक्षाओं पीपी-3+, पीपी-4+, पीपी-5+ और कक्षा 1 में प्रवेश के लिए आवेदन लिए गए थे। आवेदन प्रक्रिया 20 फरवरी से 10 मार्च तक चली।

ऐसे देखें वरीयता सूची:-

अभिभावक राजस्थान प्राइवेट स्कूल पोर्टल www.rajpsp.nic.in पर जाकर आवेदन आईडी और मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन कर वरीयता सूची देख सकते हैं।

साथ ही अभिभावक 16 मार्च तक विद्यालय चयन क्रम (चॉइस फिलिंग) में बदलाव भी कर सकेंगे। इसके बाद 17 मार्च को प्रथम चरण का विद्यालय आवंटन किया जाएगा। 17 मार्च से 25 मार्च तक दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 7 अप्रैल को दूसरे चरण का आवंटन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर अंतिम चरण में शेष रिक्त सीटों पर भी प्रवेश दिया जाएगा।

You may have missed