RPSC RAS 2024 Result: आरएएस भर्ती का रिजल्ट घोषित, जानें कौन रहा टॉपर

post 1570 (1)

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने शनिवार को आरएएस-2024 भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इसके साथ ही टॉपर्स की सूची भी घोषित कर दी गई है। बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने प्रथम स्थान हासिल किया है, जबकि जैसलमेर के वीरेंद्र चारण दूसरे स्थान पर रहे हैं। इस भर्ती के जरिए प्रदेश को जल्द ही 1096 नए प्रशासनिक अधिकारी मिलेंगे, जिनमें 428 राज्य सेवा और 668 अधीनस्थ सेवा के पद शामिल हैं।

भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत पिछले साल फरवरी में प्रारंभिक परीक्षा से हुई थी और जून में मेंस परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद 1 दिसंबर 2025 से चरणबद्ध तरीके से इंटरव्यू शुरू हुए, जो 17 अप्रैल 2026 तक चले। कुल 9 चरणों में साक्षात्कार आयोजित किए गए। प्रक्रिया पूरी होने के अगले ही दिन आयोग ने परिणाम जारी कर दिया।

मेरिट सूची में कुल 2391 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। टॉप-10 में दिनेश विश्नोई (1st), वीरेंद्र चारण (2nd), नवनीत शर्मा (3rd), रवींद्र सिंह (4th), विकास सियाग (5th), ऐश्वर्या कंवर (6th), दिनेश (7th), शालू (8th), भूपेंद्र सिंह (9th) और राम सिंह गुर्जर (10th) शामिल हैं। वहीं 20वें स्थान पर वृंदा शेखावत रहीं।

यह भर्ती प्रक्रिया पूरी होने में करीब पौने दो साल का समय लगा। हालांकि 2010-11 की आरएएस भर्ती एक साल में पूरी होने का रिकॉर्ड अभी भी बरकरार है, जबकि 2013 से 2023 तक की भर्तियां औसतन 2 से 3 साल में पूरी हुई हैं।

फैक्ट फाइल:

  • 6,75,080 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया
  • 3,75,665 अभ्यर्थी प्री-परीक्षा में शामिल हुए
  • 21,539 अभ्यर्थी मेंस के लिए चयनित हुए
  • 2,461 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया

भर्ती टाइमलाइन:

  • 2 सितंबर: 733 पदों पर अधिसूचना जारी
  • 17 फरवरी: संशोधित अधिसूचना में पद बढ़कर 1096
  • 19 सितंबर–18 अक्टूबर 2024: आवेदन प्रक्रिया
  • 2 फरवरी 2025: प्री-परीक्षा
  • 20 फरवरी: प्री का परिणाम
  • 17-18 जून: मेंस परीक्षा
  • 8 अक्टूबर: मेंस परिणाम
  • 1 दिसंबर 2025: इंटरव्यू शुरू
  • 17 अप्रैल 2026: इंटरव्यू समाप्त
  • 18 अप्रैल 2026: अंतिम परिणाम जारी