Road Accident: शादी समारोह से लौट रही जीप अनियंत्रित होकर पलटी, 20 लोग घायल

post 637 (1)

सिरोही। जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सड़क हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 20 लोग घायल हो गए। आबूरोड में एक शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। घायलों को तत्काल पिंडवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

पिंडवाड़ा थानाधिकारी महेंद्र सीरवी ने बताया कि आमली गांव का एक परिवार आबूरोड के आवल गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा था। बुधवार रात करीब 9 बजे आमली रोड पर मामाजी मंदिर के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल सामने आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में चालक जीप से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से पिंडवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस और चिकित्सा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

प्राथमिक उपचार के दौरान सामने आया कि जीप में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 19 से 20 लोग बैठे हुए थे। हादसे में घायल अधिकांश लोग आमली गांव के निवासी हैं।

कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में जीप के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।