Road Accident: राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, जागरण से लौट रहे 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत

Road Accident: झुंझुनूं, जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में जारी है। हादसा उस समय हुआ जब सभी युवक जागरण कार्यक्रम से लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना धनूरी थाना क्षेत्र में झुंझुनूं-मंड्रेला रोड पर रात करीब 1 बजे हुई। झुंझुनूं निवासी सुनील शुक्ला, गौरव सैनी, विजय ढंड और जितेंद्र वालिया शनिवार शाम को सोनासर स्थित एक जागरण में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद चारों कार से वापस लौट रहे थे, तभी शहर से कुछ दूरी पहले वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया।
आवारा पशु बना हादसे की वजह:-
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार के सामने अचानक एक आवारा पशु आ गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि सुनील, गौरव और विजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
रेस्क्यू में जुटी पुलिस:-
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घायल को पहले बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।
मंजर था भयावह:-
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर की तेज आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में खेत में पड़ी थी। हादसा इतना गंभीर था कि एक युवक का शव दूर खेत में जा गिरा, जिसे काफी देर तक तलाशने के बाद बरामद किया गया।
पुलिस ने क्रेन की सहायता से वाहन को हटवाकर थाने पहुंचाया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।