Road Accident: तेज रफ्तार कार का कहर, बाइक और खड़ी कार को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

post 1490 (1)

Road Accident: राजस्थान के सीकर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पिपराली रोड स्थित CLC कोचिंग संस्थान के पास एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पहले बाइक से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार में जा भिड़ी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह:-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार चालक तेज गति से पिपराली रोड की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार पहले बाइक से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ी गाड़ी करीब 10 फीट तक खिसक गई।

घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़:-

हादसा कोचिंग संस्थान और छात्रावास के पास होने के कारण घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और छात्र तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच:-

सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

You may have missed