Road Accident: वैन-बाइक की भीषण टक्कर में पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल, चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

post 287 (1)

Road Accident: वैन-बाइक की भीषण टक्कर में पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल, चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

दौसा। मंडावर थाना क्षेत्र के टहलडी चौराहे पर वैन और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का जयपुर में इलाज जारी है। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वैन सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को राजकीय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और वैन को जब्त कर रसीदपुर पुलिस चौकी में खड़ा कराया है।

पुलिस के अनुसार उकरूंद निवासी नानक राम पुत्र जिम्बू (68) अपने बेटे हबलेश पुत्र नानक राम को मंडावर–महुवा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। हबलेश आगरा–अजमेर इंटरसिटी एक्सप्रेस से जयपुर ड्यूटी के लिए रवाना होने वाला था और वह बिजली निगम में कार्यरत है। सुबह करीब 7.30 बजे टहलडी चौराहे पर जटवाड़ा की ओर से आ रही वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय नानक राम ने दम तोड़ दिया, जबकि हबलेश को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया।

पुलिस ने बताया कि वैन में खाली ड्रम मिले हैं। वैन जटवाड़ा से गढ़ हिम्मत सिंह की ओर जा रही थी। चालक के फरार होने से पुलिस वैन मालिक की तलाश में जुटी है। वैन में अवैध गतिविधियों की आशंका भी जताई जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

You may have missed