Road Accident: ट्रोले से टकराई क्रूजर, दो लोगों की मौत; 8 अन्य घायल

post 632 (1)

प्रतापगढ़। चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा नेशनल हाईवे-56 पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीपलखूंट थाना क्षेत्र के लांबा डाबरा गांव (कटारो का खेड़ा) के पास तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े पत्थरों से भरे ट्रोले में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

जियारत कर लौट रहा था परिवार:-

पुलिस के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी सादिक बोहरा अपने परिजनों के साथ डूंगरपुर के गलियाकोट में जियारत करने गए थे। देर रात करीब 11 बजे सभी लोग क्रूजर वाहन से वापस प्रतापगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान लांबा डाबरा के पास वाहन अनियंत्रित होकर ट्रोले से टकरा गया।

सगाई के दो दिन बाद छाया मातम:-

हादसे में 86 वर्षीय सादिक अब्बास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 19 वर्षीय पोती सायरा बोहरा ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार सायरा की दो दिन पहले ही सगाई हुई थी और परिवार में खुशियों का माहौल था, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गया।

कई लोग घायल:-

दुर्घटना में जायरा बोहरा (55), सकीना बोहरा (20), अलजिया बोहरा (20), कुलसुम बोहरा (70) और चालक अजय सिंह (30) सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल जायरा बोहरा को उदयपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में चल रहा है।

हादसे के बाद लगा जाम:-

घटना की सूचना मिलते ही पीपलखूंट थाना पुलिस और डीवाईएसपी सुनील जाखड़ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारु कराया। मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में बोहरा समाज के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You may have missed