Road Accident: कार और निजी बस की टक्कर, युवक की मौत

post 702 (1)

जालोर। चितलवाना थाना क्षेत्र के रणोदर इलाके में रविवार को एक निजी बस और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा घुसी।

पुलिस के अनुसार कार सिवाड़ा से रणोदर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाड़मेर से सांचौर जा रही एक निजी बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार चालक 32 वर्षीय श्रवण कुमार विश्नोई पुत्र गिरधर धोरा निवासी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कार सवार प्रकाश और एलची देवी को मामूली चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि प्रकाश मृतक का रिश्तेदार है।

टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, हालांकि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।