Road Accident: बस और ट्रोले की भीषण भिडंत, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

Road Accident: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में से 5 की हालत गंभीर होने पर उन्हें हनुमानगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 7 बजे रावतसर क्षेत्र के बरमसर के पास मेगा हाईवे पर हुआ। यहां एक निजी बस और ट्रोले के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुभाष गोदारा और थाना प्रभारी ईश्वरानन्द पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।

5 घायलों की हालत गंभीर:-
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद 5 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल हनुमानगढ़ रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सूचना मिलने पर एसडीएम संजय अग्रवाल और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली।

एसडीएम संजय अग्रवाल ने बताया कि रावतसर अस्पताल पहुंचने से पहले ही 5 लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं 5 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत हनुमानगढ़ रेफर किया गया, जबकि 7 घायलों का इलाज रावतसर अस्पताल में जारी है।
बस और ट्रोले का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त:-
पुलिस के अनुसार सवारियों से भरी एक निजी बस श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही थी। बरमसर के पास मेगा हाईवे पर ओवरटेक करने के दौरान बस की सामने से आ रहे ट्रोले से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रोले का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
तीन मृतकों की हुई पहचान:-
हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोगों में से तीन की पहचान हो चुकी है। मृतकों में अजय बंसल पुत्र श्यामलाल बंसल, श्यामलाल और हरिराम पुत्र हनुमान प्रसाद शामिल हैं। ये सभी हनुमानगढ़ टाउन के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं पुलिस एक महिला और पुरुष के शव की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।
इनकी हालत गंभीर:-
- सुमन पत्नी अमित सोनी (38) निवासी श्रीगंगानगर
- महेंद्र कुमार पुत्र जगदीश सुथार (39) निवासी श्रीगंगानगर
- आदित्य पुत्र अशोक कौशल (17)
- अरविंद पुत्र हंसराज जाट (38) निवासी लालगढ़ जाटान
- रितु नागपाल पुत्र हरीश अरोड़ा (40) निवासी वार्ड नंबर 18, दुर्गा कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्शन
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी:-
हादसे के समय बस में सवार अधिकतर यात्री सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर और धमाके की आवाज से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने बस में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
मेगा हाईवे पर लगा लंबा जाम:-
हादसे के बाद मेगा हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रोले को सड़क किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात फिर से सुचारू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की वजह:-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर सरसों से भरी दो ट्रॉलियां खड़ी थीं। बस चालक ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रहे ट्रोले से उसकी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रोले के पीछे निकले बड़े डाले से बस सीधे टकरा गई, जिससे हादसा बेहद गंभीर हो गया।