Road Accident: श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, 6 गंभीर घायल

अलवर। राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार सभी यात्री घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 6 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 139.600 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं से भरी बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खेत में जाकर पलट गई। बस में करीब 20 महिलाएं, 10 पुरुष और 12 बच्चे सवार थे। हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी:-
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसमें फंस गए। अधिकांश यात्री हादसे के समय सो रहे थे। तेज झटके और धमाके के साथ उनकी नींद खुली तो कई लोग घायल अवस्था में नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से पिनान अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 6 गंभीर घायलों को अलवर रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में भर्ती 6 लोगों में 2 की हालत अभी ठीक है। लेकिन, 63 वर्षीय गीता पत्नी हरिशंकर निवासी सवाई माधोपुर, 57 वर्षीय ललिता पत्नी ओमप्रकाश गंगापुर सिटी, 55 वर्षीय विमला पत्नी छारुलाल निवासी खंडार सवाई माधोपुर, 62 वर्षीय हरिशंकर पुत्र गुलाबचंद निवासी खंडार सवाई माधोपुर की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।
गोवर्धन जा रहे थे श्रद्धालु:-
जानकारी के मुताबिक श्रद्धालु मध्यप्रदेश के श्योपुर क्षेत्र से भागवत कथा के आयोजन के लिए गोवर्धन जा रहे थे। दो बसों में कुल करीब 80 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें हादसे का शिकार हुई बस में लगभग 42 यात्री मौजूद थे। थाना प्रभारी बने सिंह मीणा ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया और पुलिस टीम के साथ यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।