Rajasthan: किराए के कमरे में मिला युवती का शव, भाई ने लगाया आरोप-शिक्षक ने करवाई है हत्या

जालोर। जिले के सायला थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रही एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के परिजनों ने एक शिक्षक और उसके पुलिसकर्मी भाई पर मानसिक प्रताड़ना एवं धमकियां देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। परिजनों का कहना है कि लगातार दबाव और तनाव के चलते युवती ने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार बूंदी जिले की हिण्डोली तहसील के गोकुलपुरा निवासी लोकेन्द्र कुमार मीणा ने सायला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उसकी बहन ललिता कुमारी मीणा की करीब चार वर्ष पूर्व एक शिक्षक से जान-पहचान हुई थी। बताया गया कि वह लंबे समय से पगार निवासी एवं सायला क्षेत्र में कार्यरत शिक्षक धनराज मीणा के संपर्क में थी।
परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने विवाह का भरोसा दिलाकर करीब तीन माह पहले ललिता को सायला बुलाया और किराए के मकान में अपने साथ रखा। इस दौरान युवती मानसिक तनाव में रहने लगी। मृतका ने करीब पंद्रह दिन पहले परिजनों को फोन कर बताया था कि धनराज का भाई राजेश मीणा, जो राजस्थान पुलिस में कार्यरत है, उसे लगातार धमका रहा है।
परिवार ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसी बीच बुधवार रात युवती की मौत की सूचना परिजनों को मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया और गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के भाई ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि शिक्षक धनराज मीणा और उसके पुलिसकर्मी भाई राजेश मीणा ने लगातार मानसिक दबाव बनाया, जिससे ललिता अवसाद में चली गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि मौके पर पहुंचने पर कमरा अंदर से बंद नहीं था। उन्होंने दावा किया कि पुलिस द्वारा दिखाए गए वीडियो में युवती के घुटने जमीन से टिके हुए दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्हें घटना पर संदेह है।
सायला थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।