Rajasthan Weather: प्रदेश में आज शुष्क रहेगा मौसम, कोहरे और ठंड का असर तेज, 26–27 जनवरी को फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

post 217

Rajasthan Weather: प्रदेश में आज शुष्क रहेगा मौसम, कोहरे और ठंड का असर तेज, 26–27 जनवरी को फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

Rajasthan Weather: राजस्थान में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश, तेज हवाएं और मेघगर्जन देखने को मिला है। 23 जनवरी को बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। अब 24 जनवरी से प्रदेश को बारिश से राहत मिलने की संभावना है, हालांकि ठंड और कोहरे का असर बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली, मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा पुष्कर (अजमेर) में करीब 13 मिमी रिकॉर्ड की गई। पूर्वी राजस्थान के जयपुर, आमेर, चाकसू और श्रीमाधोपुर में लगभग 1 सेमी तक बारिश हुई। वहीं पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, अनूपगढ़, छत्तरगढ़ और जैसलमेर के सम क्षेत्र में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई।

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान जवाई बांध (पाली) में 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान जैसलमेर में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

24 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम:-

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार 24 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकांश जिलों में बारिश नहीं होगी और आसमान आंशिक रूप से साफ रह सकता है। बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में दृश्यता कम हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 26 और 27 जनवरी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर-भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में एक बार फिर हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान ठंड में और इजाफा हो सकता है।