राजस्थान: छात्र ने बीच सड़क प्रिंसिपल पर किया हमला, गला दबाने की कोशिश; घटना का वीडियो वायरल

जोधपुर: शहर के बनाड़ थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कॉलेज स्टूडेंट ने बीच सड़क पर सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पर हमला कर दिया। आरोपी ने प्रिंसिपल के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट करते हुए उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा और गला दबाने की भी कोशिश की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब 6:45 बजे की है। लक्ष्मण नगर नांदड़ी निवासी 52 वर्षीय शिवराम, जो नांदड़ी के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं, ने बनाड़ थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया गया कि वे किसी काम से जा रहे थे और श्रीराम कॉलोनी, सारण नगर के पास फोन आने पर स्कूटी रोक दी। इसी दौरान पीछे से आए युवक ने उनकी स्कूटी को लात मार दी।
विरोध करने पर युवक भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने लात-घूंसे बरसाए, पेट पर वार किए और गला दबाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर प्रिंसिपल को बचाया, हालांकि आरोपी ने हस्तक्षेप करने वालों के साथ भी अभद्रता की और धमकियां दीं।
जांच अधिकारी एएसआई बीजाराम के अनुसार, आरोपी की पहचान सारण नगर निवासी 24 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है, जो एक कॉलेज छात्र है। पुलिस ने उसे शनिवार रात ही गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अचानक गुस्सा आ गया था, जिसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमले के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।