राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल में 14,122 छात्रों के आवेदन निरस्त, इस कारण परीक्षा से बाहर हुए विद्यार्थी

post 1675 (1)

राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल में इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आवेदन निरस्त होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह रही कि कई छात्रों को इसकी जानकारी तब मिली, जब वे परीक्षा के लिए परमिशन लेटर लेने पहुंचे।

आंकड़ों के मुताबिक 10वीं के 8,313 और 12वीं के 5,809 सहित कुल 14,122 आवेदन फार्म खारिज किए गए हैं। इन आवेदनों को जन्मतिथि, जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड में नाम या अन्य विवरणों के मिसमैच जैसी त्रुटियों के कारण निरस्त किया गया।

मंगलवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थी शिक्षा संकुल पहुंचे और अधिकारियों के चक्कर काटते नजर आए। छात्रों ने सूचना व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते स्पष्ट जानकारी मिल जाती, तो वे दस्तावेजों में सुधार कर सकते थे और उनका साल खराब होने से बच जाता।

फार्म रिजेक्ट होने से छात्रों में निराशा:-

केस-1:
आरती डोबी, 12वीं की छात्रा ने बताया कि परमिशन लेटर लेने पहुंचने पर उसे पता चला कि उसका फार्म निरस्त हो चुका है। जनआधार और 10वीं की मार्कशीट में उसकी मां के नाम में अंतर (सीमा और सीमा देवी) होने के कारण फार्म खारिज कर दिया गया। उसका कहना है कि कम से कम एक बार फोन कर सूचना दे दी जाती।

केस-2:
शिवानी चंदेल, 12वीं की छात्रा के अनुसार जाति प्रमाण पत्र में उसके पिता का नाम रामवतार खटीक है, जबकि आठवीं की मार्कशीट में रामवतार चंदेल दर्ज है। इसी कारण उसका फार्म निरस्त कर दिया गया, जिससे उसका पूरा साल प्रभावित हो सकता है।

केस-3:
अजय कुमार सैनी, एक अभिभावक ने बताया कि उनके बेटे का नाम रिजेक्ट सूची में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों से काफी अनुरोध किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यहां तक कि फीस लौटाने से भी मना कर दिया गया।

फैक्ट फाइल:

  • कुल 14,122 आवेदन निरस्त
  • 10वीं के 8,313 विद्यार्थी
  • 12वीं के 5,809 विद्यार्थी

वहीं, राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की सचिव अरुणा शर्मा का कहना है कि स्ट्रीम-1 के आवेदन में कई छात्रों ने गलत जन्मतिथि या दस्तावेजों में नाम का मिसमैच दर्ज किया था। ऐसे विद्यार्थियों को मोबाइल मैसेज के माध्यम से सूचना दी गई थी और अपील का अवसर भी दिया गया था, लेकिन कई छात्रों ने समय पर सुधार नहीं किया। उन्होंने बताया कि 77 हजार से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन सही पाए गए हैं।