राजस्थान पुलिस के जांबाज SHO लोकपाल सिंह राठौड़ की हालत नाज़ुक, उदयपुर रेफर; घटना की हर पहलू से जांच शुरू

भीलवाड़ा। राजस्थान पुलिस के साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों में गिने जाने वाले भीलवाड़ा सदर थाना प्रभारी (सीआई) लोकपाल सिंह राठौड़ (38) गंभीर रूप से घायल होने के बाद जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। मंगलवार को उनके नेहरू विहार स्थित निजी आवास पर गोली चलने की घटना के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में पहले महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे, प्रशासनिक अधिकारियों और शुभचिंतकों में चिंता की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर में देर रात तक पुलिस अधिकारियों, जवानों, परिजनों और परिचितों की भीड़ लगी रही। सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
आवास पर चली गोली, गंभीर रूप से घायल हुए SHO
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नेहरू विहार स्थित किराए के मकान में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उस समय उनकी पत्नी घर के दूसरे कमरे में थीं। आवाज सुनते ही वे मौके पर पहुंचीं तो लोकपाल सिंह राठौड़ गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बताते हुए न्यूरोसर्जरी टीम की निगरानी में प्राथमिक उपचार शुरू किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें देर रात उदयपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में जुटे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सागर राणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, सीओ सदर नेमीचंद चौधरी, सीओ सिटी सज्जन सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों ने अधिकारियों को बताया कि घायल अधिकारी की हालत गंभीर है और उन्हें विशेष उपचार की आवश्यकता है।
घटनास्थल पर फोरेंसिक जांच
घटना के बाद भीमगंज थाना पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) और मोबाइल फोरेंसिक टीम (MOB) ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से सर्विस रिवॉल्वर को अपने कब्जे में लेकर तकनीकी और वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।
मानसिक तनाव सहित सभी पहलुओं की पड़ताल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोकपाल सिंह राठौड़ मूल रूप से बरल गांव (बिजयनगर) के निवासी हैं। हाल ही में हुए तबादलों के बाद उन्हें सदर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वे चित्तौड़गढ़, जहाजपुर और बिजौलिया सहित कई स्थानों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से वे तनाव में दिखाई दे रहे थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। जांच टीम पारिवारिक, व्यक्तिगत और कार्यस्थल से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा?
भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह राठौड़ के सिर में गोली लगने से गंभीर चोट आई है। उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
पूरे प्रदेश से उठ रही दुआएं
राजस्थान पुलिस के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने लोकपाल सिंह राठौड़ के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस विभाग ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में अधिकृत जानकारी साझा की जाएगी।