Rajasthan: ‘ऑनलाइन लड़की’ के झांसे में फंसे लोग, एस्कॉर्ट सर्विस SCAM का खुलासा, फर्जी वेबसाइट चलाने वाले 2 ठग गिरफ्तार

post 72

Rajasthan: ‘ऑनलाइन लड़की’ के झांसे में फंसे लोग, एस्कॉर्ट सर्विस SCAM का खुलासा, फर्जी वेबसाइट चलाने वाले 2 ठग गिरफ्तार

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में चौमूं थाना पुलिस ने एक शातिर ऑनलाइन ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी युवतियों की तस्वीरें दिखाकर लोगों से हजारों रुपये ऐंठ रहा था। पुलिस ने एक फ्लैट पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी का पूरा नेटवर्क चला रहे थे।

यूट्यूब से सीखी ठगी, बनाई फर्जी वेबसाइट:-

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र कुमार यादव और अंकित गलेत के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर ऑनलाइन ठगी के तरीके सीखे थे। इसके बाद उन्होंने “Call Girls Schloka” नाम से एक फर्जी वेबसाइट तैयार की और उस पर अपने मोबाइल नंबर अपलोड कर दिए।

इस तरह फंसाते थे लोगों को:-

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) हनुमान प्रसाद मीणा के अनुसार, आरोपी वेबसाइट पर आकर्षक और आपत्तिजनक तस्वीरें डालते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति संपर्क करता, उसे सोशल मीडिया से ली गई 10–12 युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। भरोसा दिलाने के लिए फर्जी सर्टिफिकेट और कथित मान्यता संबंधी दस्तावेज भी वॉट्सऐप पर साझा किए जाते थे।

इसके बाद पसंद के नाम पर ‘टोकन मनी’ जमा कराने के लिए क्यूआर कोड भेजा जाता था। रकम मिलते ही आरोपी गूगल से किसी नजदीकी होटल का नाम भेज देते और वहां टोकन दिखाने पर एंट्री मिलने का झांसा देते थे। इसी बहाने पीड़ितों से बार-बार 4 से 5 हजार रुपये वसूले जाते थे।

बाहरी राज्यों के लोगों को बनाते थे निशाना:-

पुलिस के अनुसार, गिरोह मुख्य रूप से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब जैसे अन्य राज्यों के लोगों को निशाना बनाता था। आरोपियों को लगता था कि बदनामी के डर और दूरी के कारण पीड़ित पुलिस में शिकायत नहीं करेंगे।

फ्लैट पर दबिश, भारी मात्रा में सामान जब्त:-

कचोलिया रोड स्थित मयंक एन्क्लेव के एक फ्लैट में इस गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस आयुक्त उषा यादव के निर्देशन में टीम ने दबिश दी। मौके से 7 स्मार्ट मोबाइल फोन, क्यूआर कोड स्कैनर, फर्जी आधार और पैन कार्ड समेत ठगी से जुड़े कई डिजिटल सबूत बरामद किए गए।

पुलिस की अपील:-

चौमूं थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन स्थानों तक फैला हुआ है और अब तक कितनी रकम की ठगी की जा चुकी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस तरह की फर्जी वेबसाइट और ऑनलाइन लालच से सावधान रहें।