राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खेत में छुपाई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खेत में छुपाई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
चूरू: सादुलपुर, स्थानीय पुलिस ने एनएच-52 पर गांव लुटाणा सदासुख की रोही में स्थित एक खेत से छुपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। एक सप्ताह के भीतर पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 7 जनवरी को पुलिस ने दो कारों से विभिन्न ब्रांड की महंगी शराब बरामद कर कारों सहित जब्त की थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी गई थी।
राजगढ़ थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों व शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 14-15 जनवरी की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव लुटाणा सदासुख क्षेत्र में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने खेत में दबिश देकर आरोपी अंकित कुमार (25) निवासी लुटाणा सदासुख को गिरफ्तार किया। उसके पास से अंग्रेजी शराब के कुल 46 कार्टन बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ जारी है।