राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चावल की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 1.5 करोड़ की अवैध शराब जब्त

post 49

राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चावल की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 1.5 करोड़ की अवैध शराब जब्त

Crime News: जयपुर, अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक्सप्रेस-वे पर चावल की आड़ में की जा रही अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब की खेप जब्त की गई है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

खुफिया सूचना पर बिछाया जाल:-

एजीटीएफ के एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी सिद्धांत शर्मा की निगरानी में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर नाकेबंदी की गई। उदयपुर डीएसटी के हेड कांस्टेबल करतार सिंह से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर संदिग्ध ट्रक को रोका गया। जांच के दौरान चालक घबरा गया और संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

चावल के कट्टों के पीछे छिपी थी शराब:-

तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए ट्रक में 415 चावल के कट्टे लोड कर रखे थे। गहन तलाशी में इन कट्टों के पीछे पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 1071 कार्टन बरामद हुए, जिन पर “फॉर सेल इन पंजाब” अंकित था।

हरियाणा से गुजरात जा रही थी खेप:-

पुलिस ने ट्रक चालक दिनेश भांभू (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 60 हजार रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब हरियाणा से लोड कर गुजरात भेजी जा रही थी और आरोपी अपने आकाओं से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क में था।

आबकारी अधिनियम में केस दर्ज:-

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में डीएसटी और एजीटीएफ टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।