पूर्व जिलाध्यक्ष के सामने मंत्री मदन दिलावर ने पकड़े कान ! जानिए पूरा मामला
पूर्व जिलाध्यक्ष के सामने मंत्री मदन दिलावर ने पकड़े कान ! जानिए पूरा मामला
Rajasthan News: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं, लेकिन रविवार को जोधपुर के सर्किट हाउस में एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। यहां मंत्री ने एक पार्टी कार्यकर्ता के सामने कान पकड़ लिए, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, जोधपुर देहात भाजपा जिला उत्तर के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोहर पालीवाल शिक्षा मंत्री से मुलाकात करने सर्किट हाउस पहुंचे थे। बातचीत शिक्षा विभाग में तबादलों से जुड़े मुद्दे को लेकर हो रही थी। इसी दौरान किसी कार्य में देरी या कार्रवाई न होने को लेकर जब सवाल उठे, तो मंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से कान पकड़ लिए।
घटना के समय मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों ने वीडियो बना लिया। बाद में उन्हें बाहर भेजा गया और कुछ मोबाइल से वीडियो हटवाने की कोशिश भी की गई, लेकिन इसके बावजूद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर पालीवाल ने कहा कि यह उनके क्षेत्र से जुड़ा विषय था, जिस पर उन्होंने मंत्री से चर्चा की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह माफी मांगने का मामला नहीं था और मंत्री उनके वरिष्ठ नेता हैं।
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निजी बातचीत का वीडियो बनाना अनुचित है और यह व्यवहार गलत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनके भाई समान हैं और आवश्यकता पड़ी तो वह उनसे माफी मांगने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इसके साथ ही शिक्षा मंत्री ने बताया कि जोधपुर में एक निजी स्कूल की मान्यता रद्द की गई है। उन्होंने कहा कि स्कूल अतिक्रमण वाली जमीन पर बना हुआ था और गलत जानकारी देकर मान्यता ली थी, जो वापस ले ली है।