राजस्थान: दिल दहला देने वाली वारदात, बेटी की इज्जत बचाने गई मां को घसीट-घसीट कर मार डाला

post 238

राजस्थान: दिल दहला देने वाली वारदात, बेटी की इज्जत बचाने गई मां को घसीट-घसीट कर मार डाला

Rajasthan News: भरतपुर जिले के सीकरी थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नाबालिग बेटी से अभद्र भाषा में बात करने का विरोध करने पर उसकी मां की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के दौरान गांव के ही कुछ युवकों ने महिला के गले में चुन्नी डालकर उसे घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम महिला अपने घर के बाहर घरेलू कामकाज कर रही थी। तभी गांव का एक युवक उसकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी से अश्लील और अभद्र भाषा में बात करने लगा। बेटी के साथ बदसलूकी देख महिला ने युवक को फटकार लगाई, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपने 8 से 10 साथियों को मौके पर बुला लिया।

परिवार पर किया पथराव:-

कुछ ही देर में आरोपी युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और पीड़ित परिवार पर पथराव शुरू कर दिया। जब महिला का पति बीच-बचाव के लिए आगे आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने महिला के गले में चुन्नी डालकर उसे करीब 40 फीट तक घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गई।

परिजन तुरंत महिला को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही पति अस्पताल परिसर में फूट-फूटकर रोने लगा और बदहवास हो गया।

मृतका के पति ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी नाबालिग बेटी से अभद्र भाषा में बात करने का विरोध करने पर आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। आरोप है कि महिला को अधमरी हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You may have missed