Rajasthan: कागज से नोट बनाने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, तीन आरोपी गिरफ्तार

अजमेर। कागज के टुकड़ों से असली नोट बनाने का झूठा दावा कर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का कोतवाली थाना पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल होने वाला सामान और वाहन जब्त किया है।
सीओ नॉर्थ शिवम शर्मा ने बताया कि कोतवाली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि पटेल स्टेडियम के पास महाराजा अग्रसेन स्कूल के सामने कुछ लोग नकली नोटों को असली बताकर ठगी की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अजमेर में लोगों को निशाना बनाने आए थे।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। वे 500-500 रुपए के नोट के आकार के काले कागज की गड्डियां तैयार रखते थे। इसके बाद असली नोट को केमिकल (टिंचर) में डुबोकर काला कर देते और पीड़ित को दिखाते कि गर्म पानी में डालने पर नोट दोबारा असली बन जाता है। इस प्रक्रिया से विश्वास दिलाने के बाद आरोपी शिकार को लालच देते कि कागज की गड्डियों से कई गुना अधिक असली नोट तैयार किए जा सकते हैं।
इसके बाद आरोपी पीड़ित से करीब एक लाख रुपए असली लेकर बदले में तीन लाख रुपए के काले कागज थमा देते और फरार हो जाते।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयपुर जिले के दूदू निवासी सादिक, बगरू क्षेत्र निवासी सिराजुद्दीन और प्रतापगढ़ जिले के मोकमपुर निवासी नौशाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से काले कागज की चार गड्डियां, कास्टिक सोडा, टिंचर की शीशी, एक बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।