Rajasthan Crime: नागौर में 20 करोड़ की MD फैक्ट्री का भंडाफोड़, नशे की खेप, नकदी और पिस्टल बरामद

नागौर । Rkhabar
राजस्थान के नागौर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन संकल्प ‘नशा मुक्त नागौर’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से MD तैयार करने वाली कथित फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में MD, नशीले कैप्सूल, रासायनिक पदार्थ, नकदी, हथियार और नशे की तस्करी में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मौके पर तैयार की जा रही MD की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपए है।
किशोर से शुरू हुई जांच, फिर फैक्ट्री तक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी की टीम ने 10 अगस्त को मूंडवा चौराहे के पास एक किशोर को पकड़ा। उसके कब्जे से 261 ग्राम अवैध MD बरामद होने के बाद NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को MD की सप्लाई और इसके अवैध निर्माण से संबंधित अहम जानकारी मिली। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दीप कॉलोनी में एक ठिकाने पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां अवैध रूप से MD तैयार किए जाने के सबूत और बड़ी मात्रा में सामग्री मिली।
389.15 ग्राम MD और बड़ी मात्रा में केमिकल जब्त
दीप कॉलोनी स्थित ठिकाने से पुलिस ने 389.15 ग्राम MD बरामद की। इसके अलावा करीब 25 लीटर रासायनिक पदार्थ, अलग-अलग केमिकल से भरी बोतलें और अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस को मौके से 100 प्रतिबंधित कैप्सूल भी मिले। इसके साथ ही MD तैयार करने और पैकिंग में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण, कांच की ट्रे, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, प्लास्टिक की थैलियां और पाउच सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री से प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि ठिकाने का इस्तेमाल अवैध मादक पदार्थ तैयार करने और उसकी सप्लाई के लिए किया जा रहा था।
पिस्टल, कारतूस और 1.80 लाख रुपए की नकदी मिली
कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और तीन खाली खोल भी मिले। इसके अलावा मौके से 1 लाख 80 हजार 500 रुपए की नकदी बरामद की गई। पुलिस को आशंका है कि यह रकम नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ी हो सकती है। इसकी जांच की जा रही है।
MD के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
फैक्ट्री से एक युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से महावीर (28) निवासी लूणसरा, थाना कुचेरा, हाल निवासी दीप कॉलोनी, नागौर को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि अवैध कारोबार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री कहां से लाई जाती थी, तैयार MD की सप्लाई किन इलाकों और लोगों तक की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क
पुलिस के लिए इस कार्रवाई का सबसे अहम पहलू MD बनाने वाले ठिकाने तक पहुंचना है। किशोर से मिली जानकारी के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार और नकदी का इस अवैध कारोबार से क्या संबंध है। मामले में आगे की पूछताछ और जांच के बाद और भी गिरफ्तारियां या बरामदगी होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
संयुक्त टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन तथा कोतवाली थानाधिकारी नंदलाल रेणवा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम शामिल रही।
नागौर पुलिस ने इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता बताया है। फिलहाल मामले में NDPS एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है और पुलिस कथित ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।