Rajasthan Cabinet Meeting: बजट सत्र को लेकर आज अहम कैबिनेट बैठक, सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे अध्यक्षता
Rajasthan Cabinet Meeting: बजट सत्र को लेकर आज अहम कैबिनेट बैठक, सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे अध्यक्षता
जयपुर। राजस्थान की राजनीति में बुधवार का दिन अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आज शाम चार बजे मुख्यमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी।
बैठक में आगामी विधानसभा बजट सत्र की तैयारियों और सरकार के विधायी एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री परिषद की अलग बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें सभी मंत्रियों के साथ बजट सत्र को लेकर गहन मंथन होगा।
कैबिनेट बैठक का मुख्य फोकस बजट सत्र की रूपरेखा पर रहेगा। सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के मसौदे को मंजूरी दी जाएगी। साथ ही 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल के विशेष संदेश के ड्राफ्ट पर भी विचार किया जाएगा।
मंत्री जोगाराम पटेल ने क्या बताया:-
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि सरकार बजट सत्र को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए पूर्व तैयारी कर रही है। उन्होंने संकेत दिए कि सत्र में जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को विधायी स्वरूप दिया जाएगा।
कैबिनेट बैठक में कुछ नए विधेयकों के प्रारूपों पर भी चर्चा संभव है, जिन्हें बाद में विधानसभा में पेश किया जाएगा। ये प्रस्ताव प्रशासनिक, सामाजिक और विकास से जुड़े विषयों पर केंद्रित हो सकते हैं।
योजनाओं को लेकर करेंगे चर्चा:-
कैबिनेट के बाद होने वाली मंत्री परिषद की बैठक में सभी मंत्री अपने-अपने विभागों से जुड़ी योजनाओं और मुद्दों पर चर्चा करेंगे। साथ ही विपक्ष के संभावित सवालों और आलोचनाओं का जवाब देने की रणनीति भी तय की जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह बैठक भजनलाल सरकार के लिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि बजट सत्र के जरिए सरकार अपनी प्राथमिकताएं, नीतियां और आगामी कार्ययोजना को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करेगी।