बीकानेर: शक ने उजाड़ा घर, पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या

बीकानेर: शक ने उजाड़ा घर, पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या
बीकानेर जिले के लूणकरनसर क्षेत्र के कालवास गांव में बुधवार को हत्या और आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां धनपत बावरी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी जीतो देवी (55) की हत्या की और बाद में खुद फंदे से लटककर जान दे दी।
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को आंगन में महिला का शव लहूलुहान हालत में मिला, जबकि दूसरे कमरे में धनपत बावरी फंदे पर झूलता मिला।
प्रारंभिक जांच में महिला का शव एक-दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
पत्नी पर शक बना हत्या की वजह:-
पुलिस के अनुसार धनपत बावरी अपनी पत्नी के साथ कालवास में रहता था। उनके दो बेटे हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं। बताया जा रहा है कि धनपत को पत्नी पर संदेह था, इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आशंका है कि इसी कारण वारदात को अंजाम दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस:-
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला घरेलू विवाद के चलते हत्या के बाद आत्महत्या का माना जा रहा है।