Rajasthan Budget 2026: सड़क विकास को रफ्तार, 1800 करोड़ से बनेंगे स्टेट हाईवे, आरओबी-आरयूबी और एलिवेटेड रोड परियोजनाएं

post 567 (1)

Rajasthan Budget 2026: सड़क विकास को रफ्तार, 1800 करोड़ से बनेंगे स्टेट हाईवे, आरओबी-आरयूबी और एलिवेटेड रोड परियोजनाएं

जयपुर: राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को विधानसभा में बजट पेश करते हुए सड़क और परिवहन ढांचे को सशक्त बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान के विजन को साकार करने के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।

वित्त मंत्री ने जानकारी दी कि अब तक राज्य में सड़क विकास पर लगभग 27,860 करोड़ रुपये व्यय कर 16,430 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा करीब 42,000 किलोमीटर सड़कों का उन्नयन और सुदृढ़ीकरण किया गया है।

1800 करोड़ से नई परियोजनाएं:-

आगामी वित्त वर्ष में 1,800 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट हाईवे, रेलवे ओवरब्रिज (ROB), रेलवे अंडरब्रिज (RUB), एलिवेटेड रोड सहित विभिन्न निर्माण और मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं का विस्तृत विवरण सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।

क्षतिग्रस्त और मिसिंग लिंक सड़कों पर फोकस:-

बजट में नॉन-पैचेबल सड़कों के लिए 1,400 करोड़ रुपये और मिसिंग लिंक सड़कों को जोड़ने के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए 500 करोड़ रुपये अलग से निर्धारित किए गए हैं।

अटल प्रगति पथ योजना का विस्तार:-

वर्ष 2047 तक प्रदेश को विकसित बनाने के लक्ष्य के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है। 5,000 से अधिक आबादी वाले गांवों में सीमेंट कंक्रीट सड़कों के निर्माण के लिए संचालित अटल प्रगति पथ योजना के अंतर्गत अगले वर्ष 250 नए प्रोजेक्ट्स पर 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।