Rajasthan: एसीबी की बड़ी कार्रवाई, महिला ग्राम विकास अधिकारी को इतने रुपये की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

Rajasthan: झालावाड़, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के खानपुर पंचायत समिति क्षेत्र की मऊ बोरदा ग्राम पंचायत में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (VDO) रजनी मीणा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सामूहिक विवाह प्रमाण पत्र के नाम पर वसूली:-
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी सामूहिक विवाह सम्मेलन के बाद नवविवाहित जोड़ों के विवाह प्रमाण पत्र जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रही थी। बताया गया कि 26-27 जोड़ों के सम्मेलन के बाद प्रत्येक प्रमाण पत्र के लिए 500 रुपये मांगे गए थे।
हालांकि बाद में यह राशि 400 रुपये प्रति प्रमाण पत्र तय हुई। इस तरह कुल राशि करीब 10,400 रुपये बनती थी, जिसे देने के बाद ही प्रमाण पत्र जारी करने की बात कही गई।
शिकायत के बाद बिछाया जाल:-
परिवादी ने 10 अप्रैल को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद टीम ने गोपनीय सत्यापन कर आरोपों की पुष्टि की और ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को जैसे ही आरोपी ने परिवादी से रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच जारी, हो सकते हैं बड़े खुलासे:-
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। एसीबी को इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।