राजस्थान: दोस्त को बचाने के चक्कर में हुई दर्दनाक मौत, नहर किनारे बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे, पानी लेने उतरा तो बहा
राजस्थान: दोस्त को बचाने के चक्कर में हुई दर्दनाक मौत, नहर किनारे बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे, पानी लेने उतरा तो बहा
कोटा। कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र स्थित बाईं मुख्य नहर में गुरुवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। शराब पीने के बाद नहर किनारे मौज-मस्ती कर रहे पांच युवकों में से दो युवक नहर के तेज बहाव में बह गए।
नांता थाना क्षेत्र के इंद्रगढ़ निवासी तन्मय पानी लेने के लिए नहर में उतरा, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। तन्मय को बचाने के प्रयास में करौली के मेहंदीपुर बालाजी निवासी मानवेंद्र सिंह भी नहर में कूद पड़ा, लेकिन वह भी बहाव की चपेट में आ गया।
मानवेंद्र की मौत:-
मौके पर मौजूद साथियों ने तन्मय को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन मानवेंद्र को नहीं बचाया जा सका। तेज बहाव के चलते मानवेंद्र नहर में दूर तक बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नहर में तलाश शुरू की गई। करीब रात 2.30 बजे गोताखोरों ने मानवेंद्र का शव नहर से बरामद किया।
जोखिम उठाकर शव निकाला गया:-
गोताखोर चंगेज खान ने बताया कि कड़ाके की सर्दी और तेज बहाव के बावजूद टीम ने जोखिम उठाकर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।