राजस्थान: पतंग उड़ाते समय गायब हुई 13 साल की लड़की, अगले दिन घर से 100 मीटर दूर मिली लाश, जानें पूरा मामला

post 120

राजस्थान: पतंग उड़ाते समय गायब हुई 13 साल की लड़की, अगले दिन घर से 100 मीटर दूर मिली लाश, जानें पूरा मामला

Rajasthan News: सिरोही, तंवरी के निकटवर्ती नवारा गांव में विद्युत निगम की लापरवाही के कारण 13 वर्षीय जीविका कुमारी की जान चली गई। गांव के पास से गुजर रही 11,000 केवी की हाईटेंशन लाइन अत्यधिक नीचे होने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना शाम को घटित हुई, लेकिन परिजनों को इसकी जानकारी सुबह मिली। रातभर जीविका को लापता समझकर परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे।

जानकारी के अनुसार, नवारा निवासी राजाराम घांची की बेटी जीविका पतंग उड़ा रही थी। अचानक वह घर से गायब हो गई। परिजनों ने आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के घर खोजबीन की, लेकिन सुबह करीब 100 मीटर दूर पेड़ के पास उसका शव मिला।

मौके पर शव के पास लकड़ी और पेड़ पर उलझी पतंग देखी गई, जिससे संभावना जताई जा रही है कि पतंग निकालते समय जीविका हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कालन्द्री थानाधिकारी मय जाप्ता और सिरोही के प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया।

घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और समाजबंधुओं ने बिजली विभाग की लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि यदि लाइन की ऊंचाई समय रहते ठीक की जाती तो मासूम की जान बच सकती थी।

लाइनमैन हरिमोहन ने बताया कि सुबह 8:45 बजे उन्हें इस घटना की सूचना मिली और पूरी टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां देखा गया कि बच्ची की मौत हो चुकी थी।