राहुल गांधी इतनी तारीख को आएंगे राजस्थान, नीट छात्रों के मन की सुनेंगे बात, 3 घंटे चलेगा कार्यक्रम

4

राहुल गांधी इतनी तारीख को आएंगे राजस्थान, नीट छात्रों के मन की सुनेंगे बात, 3 घंटे चलेगा कार्यक्रम

कोटा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 17 जून को राजस्थान के कोटा दौरे पर आएंगे। देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को लेकर उठे सवालों और छात्रों से जुड़े मुद्दों के बीच राहुल गांधी कोटा में युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। उनका कार्यक्रम शाम 5.30 बजे दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर आयोजित होगा, जो करीब तीन घंटे तक चलेगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम और देहात अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह तैयारियों में जुट गए हैं। इस कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि यहां पारंपरिक राजनीतिक सभाओं की तरह मंच नहीं होगा और न ही नेताओं के लंबे भाषण होंगे। राहुल गांधी सीधे छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं और मन की बात सुनेंगे। इसके लिए विशेष कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे वे छात्रों के बीच जाकर उनसे आमने-सामने बातचीत कर सकेंगे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार यह कार्यक्रम केवल भाषण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं और छात्रों के मुद्दों को समझने और उनकी भावनाओं को जानने का प्रयास होगा। नीट परीक्षा और पेपर लीक जैसे मामलों से उपजे असंतोष के बीच राहुल गांधी का यह संवाद कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।