आज से इन अधिकारियों के लिए लागू होगा ‘पूल सिस्टम’, सरकारी दफ्तर के वाहनों का बचेगा ईंधन

4

आज से इन अधिकारियों के लिए लागू होगा ‘पूल सिस्टम’, सरकारी दफ्तर के वाहनों का बचेगा ईंधन

जयपुर। प्रधानमंत्री की ईंधन बचाने की अपील और मुख्यमंत्री के निर्देशों की पालना में कृषि विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग सोमवार से अधिकारियों के लिए ‘पूल सिस्टम’ लागू करने जा रहा है। इसके तहत सरकारी वाहनों का उपयोग करने वाले अधिकारी साझा वाहन व्यवस्था के माध्यम से दफ्तर पहुंचेंगे। विभाग का मानना है कि इससे सरकारी खर्च में कमी आने के साथ ईंधन की खपत भी कम होगी। अधिकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय सारिणी भी तय की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। कृषि विभाग के आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि जिन अधिकारियों का निवास कार्यालय से 10 किलोमीटर के दायरे में है, उनका समूह बनाया जाएगा। एक ही वाहन में तीन से चार अधिकारी दफ्तर आएंगे-जाएंगे। इससे ईंधन की बचत के साथ वाहनों के अनावश्यक उपयोग पर भी रोक लगेगी। विभाग ने इसके लिए अधिकारियों की सूची तैयार कर ली है और रूट के अनुसार वाहनों का निर्धारण भी किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार कई बार अलग-अलग अधिकारी एक ही समय पर एक ही कार्यालय के लिए अलग वाहनों से आते-जाते हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इस दोहराव को रोका जा सकेगा। विभाग का दावा है कि इससे प्रतिमाह हजारों लीटर डीजल और पेट्रोल की बचत होने की संभावना है। साथ ही वाहनों की मेंटेनेंस लागत और मरम्मत खर्च में भी कमी आएगी।

You may have missed