ब्याज माफिया के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, 47 किलो चांदी, 32 तोला सोना और 27 वाहन जब्त

ब्याज माफिया के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, 47 किलो चांदी, 32 तोला सोना और 27 वाहन जब्त
धरियावद (प्रतापगढ़)। जिले में ब्याज माफिया के खिलाफ प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई की है। धरियावद उपखंड के केसरियावाद थाना क्षेत्र के भानावता गांव में दबिश देकर ब्याज माफिया भगवानलाल प्रजापत के घर से करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, वाहन और बड़ी मात्रा में कृषि यंत्र बरामद किए। आरोपी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ऊंचे ब्याज पर जाल में फंसाकर उनकी संपत्ति हड़प लेता था।
आरोपी के रिहायशी और निर्माणाधीन भवन, खेतों पर की गई सघन तलाशी में बरामद संपत्ति ने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। भगवान लाल के यहां छापेमारी में 32 तोला सोना, 47 किलोग्राम 500 ग्राम चांदी के जेवर, 14 मोटरसाइकिलें, 01 स्कूटी, 04 लग्जरी कारें, 02 पिकअप और 01 थ्री-व्हीलर टेम्पो बरामद किए गए। इसके साथ ही 06 ट्रैक्टर, 04 थ्रेशर मशीनें, 03 सीड ड्रिल, फसल हकाई का मोरप्लो व कल्टी और एक पैसे गिनने की मशीन भी मिली।
खाली चेक और स्टांप पेपर पर अंगूठे लगवाकर करते थे ठगी
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि टीम को मौके से भारी मात्रा में वित्तीय दस्तावेज मिले हैं। इनमें 50, 100 और 500 रुपए के कुल 67 स्टांप पेपर, विभिन्न बैंकों के 16 खाली हस्ताक्षरित चेक, 03 भरे हुए चेक, 06 वाहनों की आरसी, 5 बिलबुक, 2 बहीखाता डायरी, 1 शपथ पत्र, 4 बैंक पासबुक, 7 डायरी, 4 एटीएम कार्ड और 1 इकरारनामा शामिल हैं।