गैंगस्टर रोहित गोदारा के परिवार पर पुलिस का शिकंजा, माता-पिता और भाई हिरासत में; पढ़े खबर

Rajasthan News: कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह के खिलाफ राजस्थान और हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में हरियाणा पुलिस ने गोदारा के भाई हनुमान स्वामी को प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लिया है, जबकि चूरू जिले की रतनगढ़ पुलिस ने उसके माता-पिता को भी हिरासत में लिया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से गैंग के नेटवर्क पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के कपूरीसर निवासी हनुमान स्वामी पुत्र संतदास स्वामी को अपने साथ ले गई। हनुमान स्वामी पहले से एक अन्य मामले में न्यायिक अभिरक्षा में था और उसे श्रीकरणपुर जेल से हरियाणा ले जाया गया है।
हथियार सप्लाई में भूमिका का आरोप:-
पुलिस जांच में हनुमान स्वामी की भूमिका गैंग को हथियार और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने के मामले में सामने आई है। बताया जा रहा है कि रेवाड़ी में एसटीएफ यूनिट पलवल के प्रभारी निरीक्षक अनिल छिल्लर पर हुए हमले की जांच के दौरान उसका नाम सामने आया था।
20 अगस्त 2025 को गुरुग्राम के सेक्टर-10 में हुई पुलिस मुठभेड़ में रोहित गोदारा गैंग के दो शूटर नितिन और यशपाल गिरफ्तार किए गए थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित रूप से हथियार उपलब्ध कराने के मामले में हनुमान स्वामी का नाम लिया था।
माता-पिता से भी पूछताछ:-
इधर, रतनगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के पिता संतदास स्वामी और माता गीता देवी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं गैंगस्टर वीरेंद्र चारण के पिता नरेंद्र चारण से भी पूछताछ की गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गैंग को मिल रही संभावित सहायता और नेटवर्क की जांच के तहत की जा रही है।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी:-
पुलिस के अनुसार श्रीकरणपुर थाना पुलिस ने भी हनुमान स्वामी को पूर्व में गिरफ्तार किया था। 18 मार्च 2026 को की गई कार्रवाई में एक आरोपी के कब्जे से पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई थीं। जांच के दौरान हथियार उपलब्ध कराने के मामले में हनुमान स्वामी की भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।