शहर में डिजिटल अरेस्ट का नया मामला, रिटायर्ड दंपती से ठगों ने 71 लाख रुपए ठगे
शहर में डिजिटल अरेस्ट का नया मामला, रिटायर्ड दंपती से ठगों ने 71 लाख रुपए ठगे
Cyber Crime: उदयपुर, शहर में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। अहिंसापुरी निवासी 65 वर्षीय रिटायर्ड अध्यापिका शशि जैन और उनके पति सौभागमल को ठगों ने 15 दिन तक “डिजिटल अरेस्ट” में रखकर कुल 71 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ितों ने ठगी होने के नौ दिन बाद पुलिस की मदद ली, और अब साइबर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 22 दिसंबर को दंपती के पास फोन आया जिसमें उन्हें बताया गया कि उनका बैंक अकाउंट जेट एयरवेज से जुड़े नरेश गोयल स्कैम में शामिल है। आरोपियों ने खुद को सीबीआइ अधिकारी, सुप्रीम कोर्ट जज, टेलीकॉम अधिकारी और मुंबई पुलिस का सदस्य बताकर उनसे लगातार पैसे वसूले।
ठगों ने दंपती को डराया कि अगर उन्होंने किसी से बात की या स्थानीय पुलिस को बताया तो वे भी आरोपी बन जाएंगे। इसके डर से पीड़ितों ने एफडी तोड़ी और सोना गिरवी रखकर कुल 71 लाख रुपए आरोपियों के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए।
साइबर पुलिस के अनुसार, इन दिनों सेवानिवृत्त लोग ठगी के लिए विशेष रूप से निशाने पर हैं। आरोपियों के पास पीड़ितों के आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि की फर्जी कॉपी भी थी। मामले की जांच जारी है।