टैंकर से बहा सरसों का तेल, लूटने की मची होड़:बाल्टी, पीपे लेकर पहुंचे लोग

टैंकर से बहा सरसों का तेल, लूटने की मची होड़:बाल्टी, पीपे लेकर पहुंचे लोग
राजस्थान के टोंक में नेशनल हाईवे 52 पर शनिवार को ट्रक की टक्कर से तेल से भरे टैंकर में एक बड़ा छेद हो गया। इससे टैंकर से तेल की धार बहने लगी। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और सरसों का तेल भरने के लिए लोग प्लास्टिक की बाल्टियां और स्टील के पीपे लेकर आ पहुंचे। घटना मेहंदवास थाना क्षेत्र से गुजर रहे नेशनल हाइवे 52 पर दाखिया गांव के पास शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई। इससे हाईवे पर करीब 100 से 150 मीटर तक तेल बहने लगा। टैंकर ड्राइवर धर्मेंद्र ने बताया कि शनिवार सुबह करीब दस बजे वह कोटा से टैंकर में सरसों का तेल भरकर जयपुर जा रहा था। इस दौरान नेशनल हाइवे 52 पर दाखिया गांव के पास सरसों के तेल से भरे टैंकर को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी।
इससे टैंकर में करीब 2 से 3 इंच का छेद हो गया। इसके बाद सरसों के टैंकर से तेल की धार फूट पड़ी। ड्राइवर इस छेद को किसी कपड़ा ठूसकर या अन्य तरीके से रोकता, तब तक करीब 10 से 11 हजार लीटर सरसों का तेल जमीन पर बह चुका था। इसकी सूचना जैसे ही राहगीरों को लगी तो वे और आसपास रहने वाले ग्रामीण प्लास्टिक की पिपियां, लोहे और स्टील के बर्तन लेकर घटना स्थल पर आ पहुंचे। इसके बाद तेल को भरकर घर ले जाने की होड मच गई।