80 साल की बुजुर्ग महिला का मर्डर, बेटा रह चुका है पूर्व विधायक का ड्राइवर

9

80 साल की बुजुर्ग महिला का मर्डर, बेटा रह चुका है पूर्व विधायक का ड्राइवर

श्रीगंगानगर में बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। महिला के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। सिर पर करीब 4 सेंटीमीटर गहरा घाव हुआ, जबकि हाथ और पैर पर भी गंभीर चोटें आईं। महिला का हाथ भी टूटा हुआ था। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन लहूलुहान हालत में महिला को जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। घटना चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव सागरवाला में रात करीब 9 बजे हुई। शुरुआती जांच में महिला की एक बहू को भी डिटेन किया गया है।

चूनावढ़ थानाधिकारी व ट्रेनी आईपीएस ज्ञानेंद्र भारती ने बताया- आपसी रंजिश को लेकर महिला का मर्डर करने का शक है। पोते की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका का एक लड़का सादुलशहर विधानसभा के पूर्व विधायक का ड्राइवर भी था। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने बताया कि मृतका महानी बाई (80) निवासी सागरवाला, चूनावढ़ (श्रीगंगानगर) के रोज की तरह रात को अपने समाज की एक अन्य विधवा महिला के पास सोने के लिए जा रही थी।

महानी बाई विधवा थीं और अपने घर में अकेली रहती थीं। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच सहकारी समिति सोसायटी के बाहर अज्ञात आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे महिला लहूलुहान हो गई।