पेंट शॉप में लगी भीषण आग, आसपास दुकानों तक पहुंची लपटें

4

पेंट शॉप में लगी भीषण आग, आसपास दुकानों तक पहुंची लपटें

उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में आरके सर्कल स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर शाम पेंट की दुकान पर भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों तक आग की लपटें पहुंचने लगीं। तेज लपटें और हवा में धुएं का गुबार देख आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

चौराहे पर यातायात जाम के हालात बन गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिशें की गईं। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान जल चुका था। इस दौरान अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, फायर अधिकारी नवदीप बग्गा, शिवराम मीणा मौके पर मौजूद थे। पेंट की इस दुकान में थिनर और रंग रखा होने से आग ने तेजी से पकड़ ली।

आग ने कुछ ही देर में पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। घटना देर शाम करीब 8 बजे श्री भारत पेंट नाम की दुकान की है। दुकान में कर्मचारी काम कर रहे थे, लेकिन अचानक आग लगते देख वे जान बचाकर दुकान के बाहर आ गए। फिलहाल आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी है।