RPSC भर्ती में बड़ा साइबर फर्जीवाड़ा, आयोग की भर्ती प्रक्रिया में तकनीकी छेड़छाड़ का मामला आया सामने

post 668 (1)

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा एक गंभीर साइबर फर्जीवाड़ा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, भर्ती पोर्टल में तकनीकी हस्तक्षेप कर तीन अभ्यर्थियों के आवेदन कथित रूप से अवैध तरीके से वापस (Withdraw) कर दिए गए।

मामला सहायक खनिज अभियंता (खान एवं भू-विज्ञान विभाग) भर्ती परीक्षा-2024 से जुड़ा हुआ है। इस संबंध में आरपीएससी के एनालिस्ट-कम-प्रोग्रामर रघुवीर गुर्जर की ओर से साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है।

शिकायत के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने बिना अभ्यर्थियों की अनुमति के उनके आवेदन वापस ले लिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े पोर्टल में तकनीकी छेड़छाड़ की गई थी, जिसके जरिए यह फर्जीवाड़ा अंजाम दिया गया।

मामले की जांच में जुटी साइबर पुलिस अब आईपी एड्रेस, लॉग डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पोर्टल में सेंध किस प्रकार लगाई गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल की जा रही है।

You may have missed