राजस्थान में शहजाद भट्टी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, ATS के इनपुट पर बॉर्डर से 10 युवक हिरासत में; जांच जारी

post 262 (1)

भारत-पाक सीमा से सटे राजस्थान के जिलों में आंतरिक सुरक्षा को लेकर एक बड़ी और सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है। पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी पर सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को टारगेट करने के आरोप सामने आए हैं। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से मिले इनपुट के आधार पर श्रीगंगानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 युवाओं को हिरासत में लिया। हालांकि गहन पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अब भी अलर्ट पर हैं।

जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सीमावर्ती इलाकों के युवाओं को अपने जाल में फंसा रहा था। वह उन्हें “तेजी से अमीर बनने” का लालच देकर अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश करता था।

सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि भट्टी ने राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और यूपी में अपना एक बड़ा ‘स्लीपर सेल नेटवर्क’ खड़ा कर लिया है। इन युवाओं को देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाया जाता है और हवाला के जरिए उन तक मोटी रकम पहुंचाई जाती है ताकि वे भारत में किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकें।

श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर यादव ने बताया कि एटीएस के इनपुट के बाद जिले के अलग-अलग इलाकों से 10 संदिग्ध युवकों को डिटेन किया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि ये सभी लड़के सोशल मीडिया पर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे। पूछताछ के बाद फिलहाल इन्हें छोड़ दिया गया है, लेकिन इनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं।

पुलिस अब इन मोबाइल्स का डेटा, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स की फॉरेंसिक जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क की सच्चाई सामने आ सके।

इससे पहले भी इसी तरह के मामले में 26 मार्च को लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र के केरा चक गांव से आकाशदीप नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया था, जो कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में था।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।