LPG Price Hike: आज से महंगा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर, कमर्शियल के दाम भी बढ़े; पढ़े पूरी खबर

post 931 (1)

LPG Price Hike: मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव का सीधा असर आज से देश की रसोई पर दिखना शुरू हो गया है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार, 7 मार्च 2026 से एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के तहत घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में ₹60 की वृद्धि की गई है, जबकि व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलेंडर ₹114.5 महंगा हो गया है।

11 महीने बाद बढ़े घरेलू गैस के दाम:-

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक घरेलू एलपीजी की कीमतों में करीब 11 महीने बाद बदलाव किया गया है। इससे पहले अप्रैल 2025 में दाम बढ़ाए गए थे। नई दरों के अनुसार दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत ₹913 हो गई है, जबकि राजस्थान के जयपुर में यह अब ₹916.50 में मिलेगा। हालांकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली सब्सिडी जारी रहेगी, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सकेगी।

कमर्शियल सिलेंडर पर दोहरी मार:-

होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होना बड़ी चिंता बन गया है। 1 मार्च को ₹28 की बढ़ोतरी के बाद अब 7 मार्च को फिर ₹114.50 दाम बढ़ा दिए गए हैं। जयपुर में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर अब ₹1,796.50 की जगह ₹1,911 में मिलेगा। जनवरी से अब तक कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कुल ₹302.50 की बढ़ोतरी हो चुकी है।

राजस्थान के प्रमुख शहरों में नई दरें:-

नई कीमतों के अनुसार जयपुर में घरेलू सिलेंडर ₹916.50 और कमर्शियल सिलेंडर ₹1,911 में मिलेगा। जोधपुर में घरेलू गैस ₹920.50 और कमर्शियल ₹1,922.50 हो गया है। अजमेर में यह क्रमशः ₹918 और ₹1,863, कोटा में ₹934 और ₹1,952.50, उदयपुर में ₹944.50 और ₹1,980.50, जबकि बीकानेर में घरेलू सिलेंडर ₹924.50 और कमर्शियल ₹1,936.50 में उपलब्ध होगा।

कंपनियों ने अफवाहों पर दी सफाई:-

कीमतों में बढ़ोतरी के बीच ईंधन की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर तेल कंपनियों ने स्पष्टीकरण दिया है। कंपनियों का कहना है कि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे घबराकर गैस या ईंधन की अतिरिक्त बुकिंग न करें।

शेयर बाजार पर भी असर:-

तेल कंपनियों के शेयरों पर भी इसका असर देखने को मिला। शुक्रवार को भारत पेट्रोलियम का शेयर करीब 2 प्रतिशत गिरकर ₹352.95 और इंडियन ऑयल का शेयर लगभग 2 प्रतिशत गिरकर ₹168.10 पर बंद हुआ।