स्कॉर्पियो ठीक करवा रहे युवकों पर जानलेवा हमला, गोली लगने से घायल विक्की फाइटर की उपचार के दौरान मौत

post 783 (1)

जोधपुर। शहर के 12वीं रोड चौराहे से बॉम्बे मोटर चौराहे के बीच शुक्रवार रात आपसी रंजिश के चलते हुई गैंगवार में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हुडको क्वार्टर निवासी विक्की उर्फ विक्की फाइटर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब एक दर्जन बदमाशों ने दो युवकों पर धारदार हथियारों से हमला कर फायरिंग की। हमले में विक्की फाइटर और सन्नी हंस गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल (एमडीएम) में भर्ती कराया गया।

एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि विक्की फाइटर ने शनिवार सुबह आईसीयू में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल सन्नी हंस का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय दोनों युवक 12वीं रोड क्षेत्र में अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी की मरम्मत करवा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल और स्कूटर पर सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग भी की।

पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और गुटबाजी से जुड़ा सामने आया है। कुछ समय पहले सरदारपुरा क्षेत्र में हुई एक वारदात से भी इस घटना के तार जुड़ने की आशंका है।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटना के संबंध में नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवकों को दोनों पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि घायल सन्नी हंस भारतीय जनता युवा मोर्चा का पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुका है, जबकि उसकी पत्नी वर्तमान में संगठन में पदाधिकारी है।