खान में लैंड स्लाइड, 5 मजदूर पत्थरों के नीचे दबे, 4 को निकाला

खान में लैंड स्लाइड, 5 मजदूर पत्थरों के नीचे दबे, 4 को निकाला
नीमकाथाना क्षेत्र में एक खान का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। खान धंसने के साथ ही वहां मौजूद एल एंड टी मशीनें और डंपर भी मलबे की चपेट में आ गए। शुरुआती जानकारी में पांच मजदूरों के दबने की बात सामने आई थी। प्रशासन, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अब तक चार मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक मजदूर अभी भी मलबे में फंसा हुआ बताया जा रहा है। उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे, मोकलवास पंचायत के झरिंडा गांव स्थित खनन क्षेत्र में हुई। हादसे में दो डंपर और दो मशीन ऑपरेटर भी प्रभावित हुए हैं। घायल मजदूरों की पहचान दीपावास निवासी दशरथ सिंह, विक्रम सिंह, चैन सिंह और भगत सिंह के रूप में हुई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोटपूतली रेफर किया गया है।