बीकानेर: सोलर प्लांट लगाने के लिए देर रात इस जगह फिर काट दिए खेजड़ी के पेड़

बीकानेर: सोलर प्लांट लगाने के लिए देर रात इस जगह फिर काट दिए खेजड़ी के पेड़
बीकानेर। सोलर प्लांट लगाने के लिए किलचू गांव में खेजड़ी के 12 पेड़ काटने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह लोगों ने एक खेत में खेजड़ी के पेड़ कटे हुए देखे तो पटवारी को सूचना दे दी। दोपहर बाद पटवारी किशोरी लाल, वन रक्षक मालम सिंह आैर केसूराम जाट मौके पर पहुंचे। खेजड़ी के कटे हुए पेड़ों को वहीं पर ग्रामीणों के सुपर्द कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस खेत में सोलर प्लांट लगाने की तैयारी की जा रही है। जीव रक्षा संस्था के अध्यक्ष मोखराम धारणिया और पर्यावरण संघर्ष समिति के संयोजक रामगोपाल बिश्नोई ने घटना की निंदा करते हुए कहा है कि राज्य सरकार की आेर से प्रतिबंध लगाने के बाद भी खेजड़ी की कटाई बदस्तूर जारी है। सरकार कानून बनाने में ढिलाई कर रही है। इससे साफ लगता है कि सरकार सोलर कंपनियों के दबाव में है।